रांची
दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जन्मदिवस के अवसर पर 11 जनवरी 2026 को टाना भगत स्टेडियम, खेलगांव, रांची में “गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना” संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य के 10वीं से 12वीं कक्षा में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत लाभ दिया जाएगा, जिससे उच्च शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, मंच और पंडाल निर्माण, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, बिजली आपूर्ति, अग्नि सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा और आपातकालीन सेवाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।.

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि छात्रों के आगमन और निकासी की व्यवस्था सुचारु रहे, पंजीकरण प्रक्रिया सरल हो और योजना से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेजों व जानकारियों की पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए। सभी पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का समयबद्ध और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने को कहा गया। बैठक में उप विकास आयुक्त, नगर एवं यातायात पुलिस के वरीय पदाधिकारी, शिक्षा, खेल, समाज कल्याण, नगर निगम, परिवहन, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
